
भारत ने भोजन की कमी से बचने के लिए श्रीलंका को उर्वरक आपूर्ति का भरोसा दिलाया है। श्रीलंकाई राष्ट्रपति गोताबाया राजपक्षे के ऑफिस ने बताया है कि भारत ने श्रीलंका को उर्वरक आपूर्ति पूरी करने को कहा है, ताकि कर्ज में डूबे देश को फसल के नुकसान और सबसे खराब आर्थिक संकट से होने वाली गंभीर खाद्य कमी को दूर किया जा सके ।
50 फीसद फसल का हो गया था नुकसान
खेती में गिरावट के बाद कृषि बाजार में किसी भी व्यवधान से बचने के लिए श्रीलंका अपने कृषि क्षेत्र को बढ़ावा देने का लक्ष्य लगातार बना रहा है। बता दें कि याला श्रीलंका में धान की खेती का मौसम चल रहा है जो मई से अगस्त के बीच रहता है। श्रीलंकाई सरकार ने पिछले साल ऑर्गनिक कृषि की ओर चरणबद्ध परिवर्तन के तहत रासायनिक उर्वरकों पर प्रतिबंध लगा दिया था। बाद में ऑर्गनिक उर्वरकों की पर्याप्त आपूर्ति की कमी से कृषि उत्पादन, विशेष रूप से चावल और चाय बुरी तरह से प्रभावित हुए और करीब 50 फीसद फसल के नुकसान के कारण भोजन की कमी का कारण बना।