Palamu: Pink Bus के बाद अब पुरुषों के लिए शुरू होगी ब्लू सिटी बस सेवा, इतना देना होगा किराया

मेदिनीनगर (पलामू): नगर निगम क्षेत्र में सोमवार से पुरुषों के लिए ब्लू सिटी बस की सेवा आरंभ की जा रही है। इससे सीधे तौर पर छात्र, दैनिक कर्मी, बुजुर्गों व अन्य लोगों को फायदा मिलेगा। यह जानकारी निवर्तमान महापौर अरुणा शंकर ने दी है।
ब्लू बस परिचालन पर खुशी जाहिर करते उन्होंने बताया कि पूर्व में महिलाओं, छात्राओं व दैनिक मजदूरी करने वाली महिलाओं के लिए झारखंड में सबसे सस्ते दर पांच रुपये में पिंक सिटी बस का परिचालन आरंभ कराया गया था।
सुबह सात से शाम सात तक चलेंगी बसें
नगर आयुक्त ने महिलाओं की भावनाओं की कद्र करते हुए तत्काल पत्र लिखकर बस संचालक को दो बस महिला/ पुरुषों के लिए भी प्रारंभ करने हेतु निर्देशित किया है। सोमवार से ब्लू बस के नाम से दो बसें पूरे परिवार के साथ निगम क्षेत्र में कहीं भी आने-जाने के लिए सुबह सात से शाम सात बजे तक संचालित होंगी।
10 रुपया लगेगा किराया
प्रथम महापौर ने बताया कि निगम ने 20 रुपया तक किराया लेने का प्रावधान रखा है। लेकिन उनकी पहल पर बस संचालक ने मात्र 10 रुपया महिला व पुरुषों के लिए ब्लू बस का किराया निर्धारित किया है।
वही पिंक बस का किराया पूर्व की तरह पांच रुपये ही रहेगा। इसमें संचालक को होने वाले नुकसान को उनके स्तर से भरपाई किया जाएगा। बताया जा रहा है कि ब्लू बस में महिलाएं भी सफर कर सकेंगी। उन्हें 10 रुपये किराया देना होगा।