
रांची। यौन शोषण का मामला हर दिन सामने आता है लेकिन शिक्षक के बारे मे ऐसी बातें आना मन मे भय उत्पन्न करता है। छोटे छोटे बच्चे अब स्कूल मे भी सुरक्षित नही है।यौन शोषण के आरोपी डीएवी कपिलदेव स्कूल के प्राचार्य मनोज कुमार सिन्हा को डीएवी प्रबंध समिति ने निलंबित कर दिया है। वहीं, डीएवी हेहल के प्राचार्य एमके सिन्हा को डीएवी कपिलदेव का प्रभार दे दिया गया है। उन्हें झारखंड डीएवी जोन एफ का सहायक क्षेत्रीय पदाधिकारी भी बना दिया गया है।
विद्यालय के ही पीड़ित कर्मी के साथ अश्लील बातों का ऑडियो-वीडियो वायरल होने के बाद कार्रवाई की गई है। मामले को लेकर डीएवी प्रशासन ने हाई लेवल कमेटी भी गठित कर दी है। डीएवी कपिलदेव प्रबंध समिति अध्यक्ष केडी गिरि ने कहा, एमके सिन्हा को प्रायार्य का प्रभार दिए जाने संबंधी पत्र भेज दिया है।
कमेटी ने शुरू की जांच
इधर, कमेटी ने शुक्रवार से जांच शुरू कर दी। खबर है कि कमेटी के सदस्यों ने शिक्षकों के साथ शाम में बैठक कर जानकारी ली गई। कमेटी ने शिक्षकों का नाम गोपनीय रखने की बात कहते हुए जांच में सहयोग करने को कहा गया। बताया जा रहा है कि आरोपी प्राचार्य पहले भी इस तरह की घटना कर चुके हैं।
प्राचार्य को जेल भेजने की मांग
वहीं, प्राचार्य के खिलाफ लोगों ने शुक्रवार को स्कूल के बाहर प्रदर्शन किया। प्राचार्य को गिरफ्तार करने की मांग को लेकर लोगों ने स्कूल का घेराव भी किया। लोगों का कहना था कि शिक्षा के मंदिर को बदनाम करने वाले प्राचार्य को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे पहुंचाया जाए। प्रदर्शन करनेवालों में कुछ छात्र भी थे।