झारखंड : गिरिडीह में अवैध खदान के दौरान पहाड़ का एक हिस्सा मजदूरों के उपर गिरने से मौत

झारखंड में अवैध खनन में दुर्घटना से मजदूरों की मौत का सिलसिला लगातार जारी है। गिरिडीह जिले के गावां थाना क्षेत्र के सांख पंचायत स्थित मुड़गड़वा जंगल में वनभूमि पर संचालित एक अवैध माइका खदान में मिट्टी धंसने से वहां काम कर रहे दो मजदूर की मौत हो गई। वहीं घटना में एक नाबालिग बच्ची समेत चार काम कर रहे मजदूर बुरी तरह घायल हो गए।

पहाड़ का एक हिस्सा मजदूरों के उपर गिर गया

बताया जाता है कि मुड़गड़वा जंगल में वनभूमि के एक बड़े भू-भाग पर नावाडीह के तीन लोग वर्षों से माइका का अवैध उत्खनन करवा रहे थे। सोमवार को भी वहां जेसीबी से खुदाई कर मजदूरों के द्वारा माइका निकलवाने का काम चालू था। तकरीबन 50 से 60 की संख्या में वहां मजदूर काम कर रहे थे। मजदूर माइका (ढ़िबरा) निकाल रहे थे व बगल में ही मजदूरों के लिए जगह बनाने के लिए जेसीबी मशीन से पहाड़ी को काटा जा रहा था। इस दरम्यान अचानक पहाड़ का एक हिस्सा मजदूरों के उपर गिर गया। इस घटना में वहां काम कर रहे छह लोग दब गए। आनन-फानन में दबे मजदूरों को निकाला गया। लेकिन तब तक 35 वर्षीय सुकर हांसदा और 30 वर्षीय बुधन हांसदा की मौत हो गई थी। इसके अलावा एक महिला समेत चार लोग घायल हो गए।

Show More
Back to top button
error: Content is protected !!