धनबाद में बढ़ी गर्मी, सात घंटे तक रहा पावर कट, पारा 40 डिग्री के पार

झारखंड में भीषण गर्मी के साथ बिजली कटौती से लोगो की परेशानी और बढ़ गयी है । दिन में कड़ी धूप के कारण लोगों का घर से निकलना लगभग मुश्किल हो गया है। धनबाद का अधिकतम तापमान 40 डिग्री है। साथ ही बिजली की भी गंभीर समस्या उत्पन्न हो चुकी है। डीवीसी पिक आवर में 50 प्रतिशत तक बिजली काट रहा है, जिससे लोगों को न घर में चैन है और न ही बाहर आराम है।धनबाद के लोग गर्मी से त्राहिमाम करते दिख रहे है।
अभी दो दिनों तक राहत नहीं
उमस वाली गर्मी ने लोगों को परेशान कर दिया है। धनबाद का अधिकतम तापमान 40 डिग्री पहुंचने के बावजूद गर्मी नहीं घट रही है। रविवार के मुकाबले सोमवार को धनबाद के तापमान में एक डिग्री की गिरावट रही।
मौसम विज्ञान केंद्र रांची के अनुसार अगले दो दिन बाद तापमान 39 डिग्री तक पहुंचेगा, लेकिन गर्मी से राहत नहीं मिलेगी। गर्मी के साथ-साथ लू भी चलेगी। त्योहारों के मौसम में गर्मी का यह रूप लोगों को परेशान कर रहा है। गर्मी की वजह से छठ व्रतियों को सबसे अधिक परेशानी होगी। छठ के दौरान भी तापमान 40 डिग्री ही रहेगा।
दोपहर बाद सड़कों पर छाया रहता सन्नाटा
गर्मी का असर है कि दोपहर बाद सड़कों पर सन्नाटा छाया रहता है। लोग गर्मी में घरों से निकलना जरूरी नहीं समझ रहे, लेकिन शाम ढलने के बाद बाजार में थोड़ी रौनक दिखती है। डीवीसी पिक आवर में काट रहा 50 प्रतिशत बिजली : डीवीसी पिक आवर में 50 प्रतिशत बिजली काट रहा है। सुबह से देर रात तक एक-एक घंटा कर तीन-चार बार बिजली कटौती हो रही है। बिजली विभाग भी मेंटेनेंस एवं लोड बढ़ने पर आधा से एक-एक घंटा कर चार-पांच घंटे तक कटौती कर रहा है। शहरी क्षेत्र में कुल सात घंटे तक बिजली कटौती हो रही है, जिससे लोगों को परेशानी हो रही।