तिरंगा यात्रा में मस्जिद के सामने युवकों ने लगाए ‘जय श्री राम’ के नारे, वीडियो वायरल होने पर भड़की हिंसा

झरिया में 15 अगस्त पर अमड़ापाड़ा में निकली तिरंगा यात्रा के दौरान बाइक सवार युवकों ने मस्जिद के पास आपत्तिजनक नारेबाजी की। बाद में इसका वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल कर दिया। इंस्टाग्राम में वीडियो पोस्ट होते ही इस पर तीखी प्रतिक्रियाएं होने लगीं, शहर में दो समुदायों में तनाव फैल गया।

दोनों समुदायों के लोगों में भड़की हिंसा

संवेदनशील स्थिति भांप प्रशासनिक अधिकारियों का अमला गुरुवार को झरिया थाने पहुंचा। इस बीच थाने के बाहर दोनों समुदाय के लोग इकट्ठा हो गए। एक ओर अधिकारी थाने में शांति समिति की बैठक कर रहे थे, दूसरी ओर थाने के बाहर लोग नारेबाजी करने लगे।

कुछ देर में पथराव शुरू हो गया। पुलिस पहुंची तो उस पर भी पथराव किया गया। पुलिस ने लाठीचार्ज किया, तो आसपास के घरों से पत्थर फेंके जाने लगे। पुलिस ने किसी प्रकार स्थिति पर नियंत्रण पाया। इस मामले में एक पक्ष के नौ व दूसरे समुदाय के दो लोगों को पकड़ा गया है।

पुलिस पर किया पथराव, तो बरसाई गईं लाठियां

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि थाने के बाहर नारे लगा रहे लोगों को पुलिस ने खदेड़ा, तो एक समुदाय के लोग भाग खड़े हुए, मगर दूसरे पक्ष के लोगों ने थाना मोड़ के पास पुलिस से मोर्चा ले लिया। उन पर पत्थर बरसाने लगे। पुलिस जीप पर भी पथराव किया। गौतम कुमार व कुणाल साव नामक युवक पत्थर लगने से जख्मी हो गए।

कई महिलाएं भी इस दौरान छतों से पथराव करते देखी गईं। तब शांति समिति की बैठक छोड़ डीएसपी अभिषेक कुमार दलबल के साथ दौड़कर गए। उपद्रवियों को लाठियां चलाकर खदेड़ा। तीन वज्र वाहन मंगाकर पुलिस ने फ्लैग मार्च निकाला। चौक-चौराहों पर पुलिस तैनात की गई है।

हिरासत में लिए गए कई

बैठक में धनबाद का प्रभार देख रहे बोकारो एसपी आलोक प्रियदर्शी, एसडीएम प्रेम कुमार तिवारी, एडीएम कमलनाथ गुप्ता, सीओ प्रमेश कुशवाहा, सिंदरी डीएसपी अभिषेक कुमार, शांति समिति के अरिंदम बनर्जी, रुस्तम अंसारी, अरुण साव, मो. शकील, उमेश यादव, शैलेंद्र सिंह, सुलतान, अखिलेश सिंह, दिलीप रवानी थे।

पुलिस ने थाना मोड़ पर पथराव करने वाले सैफ व इमरान को दबोचा है। वहीं मस्जिद इमाम की शिकायत पर पुलिस ने रातभर झरिया में छापेमारी की। इस दौरान नौ युवकों को हिरासत में लिया। इनमें वीडियो बनाने वाले सिंह नगर के युवक आलोक व उसे इंटरनेट मीडिया में पोस्ट करने वाले मानबाद के राहुल भार्गव शामिल हैं।

एसपी व अन्य पुलिस अधिकारियों ने इनसे पूछताछ की। इधर झरिया के शैलेंद्र कुमार सिंह ने थाने में साहिल, सोहेल, शाहरुख, हाफिज एहसान, अली पठान, ताहिर कादरी व अन्य पर आपत्तिजनक पोस्ट की शिकायत की है। शांति समिति की बैठक में कुछ लोगों ने वीडियो बनाने वालों को माफ करने की वकालत की, तो दूसरे समुदाय के लोगों ने उन पर कार्रवाई की आवाज उठाई।

झरिया के भाईचारे ने कटा दी नाक: थाना प्रभारी

तब दूसरे समुदाय के लोगों ने पोस्ट पर प्रतिक्रिया करने वालों पर कार्रवाई को कहा। इस बीच थाने के बाहर बवाल हो गया, तो थाना प्रभारी संतोष सिंह का पारा चढ़ गया। उन्होंने समिति के लोगों से कहा था कि आप अपने समाज के लोगों को नहीं संभाल पा रहे तो बता दें, हम निपट लेंगे। यहां तक कह दिया आप एक ओर बैठक करवा रहे हैं, दूसरी ओर मामला भड़का रहे हैं। झरिया के भाईचारे की मिसाल देते हैं, आपने तो नाक कटा दी। ऐसे तो नहीं होगा तिरंगे का सम्मान इस घटना से सभी आहत हैं।

Show More

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!