आर्डर डिलीवर करने आए डिलीवरी ब्वॉय से कारोबारी ने की मारपीट, जान से मारने के लिए चलाई गोली लेकिन…

जमशेदपुर के मानगो के सहारा सिटी परिसर में रविवार शाम हुई फायरिंग में अभिषेक कुमार मिश्रा गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे टीएमएच में दाखिल कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। गोली हड्डी में फंसे होने के कारण उसे ऑपरेशन थियेटर ले जाया गया है।
सहारा सिटी में डिलीवरी ब्वॉय विशु सिंह आर्डर लेकर सहारा सिटी के गामा ब्लॉक के स्मार्ट ग्रुप संचालक दीपक चौधरी के फ्लैट पर गया था। उसने घर का कॉल बेल बजाई तो पत्नी बाहर निकली। उसने कहा कि उनलोगों ने कोई आर्डर नहीं दिया है। इसके बाद डिलिवरी ब्वॉय वापस लौटने लगा।
इसी बीच दीपक और डिलीवरी ब्वॉय के बीच कुछ कहासुनी हो गई। शोर सुनकर अभिषेक मिश्रा भी वहां आ गया। दोनों उसके साथ मारपीट करने लगे। इसी दौरान दीपक ने पिस्तौल निकाल ली तो अभिषेक बीच-बचाव करने लगा।
इस दौरान पिस्तौल से गोली चल गई, जो उसके कर्मचारी अभिषेक कुमार मिश्रा को जा लगी। इस दौरान डिलीवरी ब्वॉय को भागते देख सुरक्षाकर्मी ने उसे रोक लिया। लोगों ने घेरकर उसकी पिटाई कर दी। सिर पर धारदार हथियार से हमला कर दिया, जिससे उसका सिर फट गया।
स्मार्ट ग्रुप का साकची आम बागान के ओम प्लाजा में कार्यालय है। घटना की जानकारी मिलने पर मुख्यालय एक के डीएसपी वीरेंद्र राम और मानगो थाना प्रभारी विनय कुमार समेत अन्य पुलिस अधिकारी टीएमएच पहुंचे। स्वजनों से पूछताछ के बाद पुलिस टीम सहारा सिटी पहुंची। वहीं अभिषेक के भाई अभिलाष मिश्रा ने कहा कि घटना कैसे हुई, इसकी जानकारी नहीं है।
इधर, पुलिस ने दीपक चौधरी को देररात गिरफ्तार कर लिया है। इसकी जानकारी देते हुए एसएसपी प्रभात कुमार ने बताया कि पिस्तौल भी जब्त किया गया है। पिस्तौल लाइसेंसी है या नहीं इसकी जांच की जा रही है। डिलीवरी ब्वॉय से विवाद के बाद पिस्तौल से फायरिंग कर दी गई, जो उसके ही कर्मचारी को लग गई। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है। आरोपी रीयल स्टेट का काम करता है। वहीं जानकारी मिल रही है कि पिस्तौल का लाइसेंस नवीकरण नहीं हो पाया था।